Monday, October 19th, 2026

लक्ष्य सेन ने ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के अंतिम-आठ में

बर्मिघम
 लक्ष्य सेन गुरुवार को ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी बने जबकि ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधू ने आसान जीत के साथ अंतिम आठ में प्रवेश किया। मौजूदा विश्व चैंपियन सिंधू ने महिला सिंगल्स के दूसरे दौर के एकतरफा मैच में डेनमार्क की लाइन क्रिस्टोफरसेन को 21-8, 21-8 से करारी शिकस्त दी।

इससे पहले 19 साल के लक्ष्य ने फ्रांस के थॉमस रूक्सेल को 21-18, 21-16 से शिकस्त दी। लेकिन एचएस प्रणय और बी साई प्रणीत की जोड़ी को पुरुष सिंगल्स के दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा। प्रणय हालांकि दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी केंटो मोमोटा की बाधा पार नहीं कर सके। भारतीय खिलाड़ी को 48 मिनट तक चले मुकाबले में मोमोटा से 15-21, 14-21 से हार मिली। दूसरी तरफ प्रणीत पहला गेम जीतने के बावजूद डेनमार्क के विक्टर एक्सलसेन से 21-15, 12-21, 12-21 से हार गए।

सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी भी टूर्नामेंट से बाहर हो गई। उन्हें जापान के युकी कानेको और मिसाकी मातसुटोमो से 19-21, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा। पूर्व नंबर एक खिलाड़ी साइना नेहवाल को बुधवार को चोट लगने के कारण अपने शुरुआती महिला सिंगल्स मैच से हटने लिए बाध्य होना पड़ा। साइना को दायीं जांघ में परेशानी हो रही थी जिससे उन्होंने डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट के खिलाफ शुरुआती दौर के मैच में रिटायर होने का फैसला किया, तब वह 8-21, 4-10 से पिछड़ रही थीं।

पुरुष सिंगल्स में समीर वर्मा ने ब्राजील के यगोर कोल्हो को 21-11, 21-19 से पराजित किया था। मिक्स्ड डबल्स में प्रणव जेरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी को शुरुआती दौर में डेनमार्क के रास्मस एस्पर्सन और क्रिस्टिन बुश की जोड़ी से 15-21, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा।

चैंपियनशिप से हटा इंडोनेशिया

इंडोनेशियाई टीम ने लंदन की फ्लाइट के दौरान एक यात्री के कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप से हटने का फैसला किया क्योंकि इसके बाद उसके सभी खिलाडि़यों और अधिकारियों को 10 दिन के लिए क्वारंटाइन में रहने को बाध्य होना पड़ा। यह जानकारी विश्व संचालन संस्था (बीडब्ल्यूएफ) ने दी।

 

#लक्ष्य सेन

Source : Agency

पाठको की राय